Thursday, April 28, 2016

मिनी सचिवालय परिसर में टंकी पर चढे तीन युवक. रामलाल मीणा की महा-ग्रामीण रैली! हजारों की संख्या में पहुंचे ग्रामीण. कई मुद्दों पर उठाए सवाल.








प्रतापगढ़ में आज ग्रामीण नेता रामलाल मीणा के नेतृत्व में महा-ग्रामीण रैली का आयोजन हुआ. जहाँ हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने शिरकत की. इस रैली में मिनटों में ही प्रशासन की नाक में दम कर दिया. पहले आम सभा का आयोजन फिर मिनी सचिवालय में प्रदर्शन. तीन शख्स टंकी पर चढ गए.

आज हजारों की संख्या में ग्रामीण प्रतापगढ़ पहुंचे. सबसे पहले राज राजेश्वरी माता मंदिर के पास विशाल सभा का आयोजन हुआ. जहाँ कई कवियों ने भी शिरकत की. यहाँ सीएम वसुंधरा के साथ-साथ जनजाति विकास मंत्री नंदलाल मीणा को भी आड़े हाथ लिया और रामलाल ने कहा कि नंदलाल मीणा की नीतियां तो प्रधानमंत्री के भी खिलाफ है, प्रधानमंत्री परिवारवाद खत्म करना चाहते हैं, और यहाँ तो मंत्री जी के परिवार से ही सब राजनीती में बड़े पदों पर है, बहु जिला प्रमुख है, खुद मंत्री हैं... इसके अलावा मीना-मीणा विवाद पर भी खूब तीर बरसाए, और मांग की कि सरकार मीणा जाति प्रमाण पत्र बनाने का काम शुरू करे. किसानों के बिजली बिल माफ हो, पेयजल मिले, गत वर्ष फसल खराबे का मुआवजा मिले, जिला चिकित्सालय समेत सभी अस्पतालों में चिकित्सकों की भर्ती हो, मंदसौर-प्रतापगढ़ सड़क का निर्माण हो... इन सभी मांगो के साथ रामलाल अपने समूह के साथ मिनी सचिवालय पर मानों कूच करने ही पहुँच गए. यहाँ आते ही धरना शुरू कर दिया. ग्रामीण नहीं मानें. धरना जारी रखा, और आश्वासन के बाद ही उठने की बात कही. इसी बीच कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी को चिंता में डाल दिए. अचानक तीन युवक पानी की टंकी पर चढ़ गए, और आत्महत्या की धमकी देने लगे. इस दौरान ग्रामीणों भीड़ सारी की सारी टंकी के नीचे आकर धरना देने लगी. ऊपर तीनों टंकी पर थे, तो नीचे धरना जारी रहा, पुलिस अधिकारी समझाइश कर कर के थक गए, पर कुछ हुआ नहीं... आख़िरकार जिला कलेक्टर कक्ष में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, एसपी कालूराम रावत, सीईओ रामावतार मीणा समेत कई अधिकारीयों की मौजूदगी में रामलाल को ले जाकर समझाइश की गई. इस समझाइश में दो घंटे का वक्त बीत जाने के बाद रामलाल मानें... इस बीच उखड़ते भी रहे, तो पकड़-पकड़ कर बार-बार लाना पड़ा..

रामलाल मीणा कौन है? रामलाल मीणा प्रतापगढ़ जिले का जाना-मना चहरा है. रामलाल मीणा गत विधानसभा चुनाव में राष्ट्रिय जनता पार्टी (राजपा) से चुनाव लड़ चुके हैं. 
रामलाल मीणा वर्तमान में ग्रामीणों के बड़े और प्रमुख नेता बन कर उभरे हैं, एक ही आवाज़ में हजारों ग्रामीण दौड़े चले आते हैं. ऐसे में जब इस जनजाति जिले में छोटी-मोटी समस्या से ग्रामीणों को जूझना पड़ रहा है, रामलाल को एक विकल्प के तौर पर भी देखा जा रहा है... हालाँकि रामलाल मीणा खुद को बस आदिवासियों के हित-रक्षक के तौर पर ज़ाहिर कर रहे हैं.

Wednesday, April 27, 2016

प्रतापगढ़ में हत्या की एक दर्दनाक दास्ताँ... पहले पिलाई शराब, फिर मारी गोली, फिर कुए में फेंकी लाश... दोस्त ही दोस्त का निकला कातिल ! एक ऐसी कहानी, जिसे जान कर आप दंग रह जाएंगे! खास रिपोर्ट.



एक सुबह... अचानक कुए में लाश मिलती है, पुलिस और लोग बड़ी संख्या में पहुँचते हैं, पहले महज़ एक्सीडेंट माना जाता है, फिर पोस्टमोर्टम में गोली मिलने पर हत्या का खुलासा होता है, और इसी बीच कातिल भी गिरफ्तार हो जाता है... ये कहानी है प्रतापगढ़ की. कैसे एक दोस्त ने प्रोपर्टी के लिए अपने ही दोस्त की गोली मार कर हत्या की, और फिर वारदात को महज़ एक्सीडेंट साबित करने के लिए कैसे लाश को कुए में फेंका गया? देखिए कातिल दोस्त की ये खास रिपोर्ट-

जिस दरिंदे को अभी आप देख रहे हैं, ये दरअसल कातिल दोस्त है, जिसने अपनी घिनौनी वारदात कर दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार किया है. साकरिया का मदनलाल अंजना इस दरिंदे रामनिवास शर्मा को अपना दोस्त ही नहीं भाई भी मानता था, दोनों साथ रहते, साथ खाना खाते... दोस्ती ऐसी थी कि घर वाले भी भरोसा करने लगे. मानों रामनिवास उनका दूसरा भाई हो.. लेकिन एक दिन...!!!! कुछ ऐसा हुआ जिसने सब कुछ खत्म कर दिया.

घटना 22 अप्रैल की है. रठांजना थाना इलाके के साकरिया की है. यहाँ अचानक सुबह मदलाल अंजना के कुए में मोटरसाइकिल समेत पड़े होने की सुचना पर सनसनी फ़ैल गई. पुलिस पहुंची और मौका मुआयना कर लाश निकली गई. हत्या की रिपोर्ट होने पर धारा 302 IPC के तहत मामला दर्ज किया. इसके बाद लाश का पोस्टमार्टम कराया गया, तो तीसरे प्रयास में गले से गोली मिली. इसी बीच मदनलाल का दोस्त रामनिवास फरार हो गया. शक गया तो पुलिस ने कार्रवाई तेज की, और गोपनीय सुचना पर रामनिवास को गिरफ्तार कर लिया. फिर सारी कहानी बेपर्दा हो गई...

हादसे के पिछली रात रामनिवास ने मदनलाल के साथ अपने अन्य दोस्तों के साथ मिल कर शराब पार्टी की थी, जहाँ शराब-मिट सब कुछ था. सारे दोस्तों के घर जाने के बाद अब हमेशा की तरह रामनिवास और मदनलाल अकेले ही थे. रामनिवास ने मदनलाल को खूब शराब पिलाई, लिहाज़ा वो नशे में मानों बेसुध हो गया. इसके बाद रामनिवास ने मदनलाल के गले पर बेहद करीब से गोली भी मार दी. हत्या के बाद मदनलाल के शव को एक बोरी में डाला और फिर मोटरसाइकिल के साथ गाँव के ही कुए में फेंक आया.

सवेरे जब लाश मिली और भीड़ जमा हुई तो पट्ठा यहाँ भी आ पहुंचा. पुलिस के साथ खड़ा रहा, रोया भी, दुःख भी जाहिर किया. इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए लकडियाँ लाने भी चला गया. लेकिन जैसे ही शव से गोली निकली, भाग खड़ा हुआ, फिर पुलिस की गिरफ्त में आ गया...
रामनिवास ऐसा करेगा, ऐसा कभी मदनलाल ने सपने में भी नहीं सोचा था, इसीलिए वो इसे बेहद करीब रखता था. दोनों का रिश्ता किसी भाई से कम नहीं था. रामनिवास ने कहा कि "वो मदनलाल के साथ रहकर खेती बाडी व घर का सारा काम सम्भालता था। परिवार के सभी सदस्यों का उसने विश्वास अर्जित कर लिया। रामनिवास के समस्त खर्चो की पूर्ति भी मदनलाल ही करता था। मदन लाल के कोई सन्तान नही है एंव मदन लाल के छोटे भाई अमरसिंह की भी कुछ समय पूर्व मृत्यु हो गई थी। मदनलाल अच्छी जमीन जायदाद वाला घर का एक मात्र जिम्मेदार व्यक्ति था। मृतक मदनलाल एंव मुल्जिम रामनिवास दोनो ही खाने-पीने के शौकीन होने से कई बार साथ ही पार्टिया करते थे। रामनिवास की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से उसकी नियत खराब हो गई वह मदनलाल को खत्म कर जमीन जायदाद सम्बधी काम अपने हाथ में लेना चाहता था। इस लिये वह पिछले दो महीने से मदनलाल को निपटाने के लिये प्लान बना रहा था।"

रामनिवास की इस करतूत ने दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार किया है... पार्टी में शामिल अन्य लोगो की भूमिका की जांच की जा रही है। हथियार बरामदगी के प्रयास किये जा रहे है। इस घटनाक्रम मे किसी षडयंत्र की सम्भावना बाबत् भी पूछताछ की जा रही है।

राजस्थान में ABVP की अनूठी मुहीम. प्रतापगढ़ से हुई शुरुआत. 2 लाख घरों से जानेंगे समस्याएं. सरकार को भेजेंगे रिपोर्ट.




राजस्थान में लोगो का दुःख-दर्द समझने के लिए ABVP ने अनूठी पहल शुरू की है. प्रतापगढ़ से ABVP ने मुहीम अनुभूति की शुरुआत की है. जिसके तहत वे प्रदेश स्तर पर सभी जिलो के 4 हजार कार्यकर्त्ताओ के साथ 5 हजार गाँवो के 2 लाख घरों में जाकर अनुभूति करेंगे...

अनुभूति का मतलब किसी की समस्या का अनुभव करना, भले वो गरीबी, भुखमरी, या किसी भी तरह की हो... ABVP की इस मुहीम के तहत राजस्थान भर के कार्यकर्त्ता गाँव-गाँव जाकर लोगो के साथ समय बिताएंगे. एक घर में कम से कम दो दिन बिताए जाएंगे. इस बीच वे उनसे उनकी समस्याओं के बारे में पूछेंगे और पड़ताल करेंगे. इसमें आर्थिक समस्या, फसल खराबा, सुखा, घरेलु समस्या, गाँव की समस्या से जुडी बातें होंगी. इन समस्याओं को लिखा जाएगा, और जब 5000 गाँवो में 2 लाख घरों की समस्याएं पूछने का लक्ष्य पूरा होगा तो राज्य सरकार और केन्द्र सरकार को इसकी रिपोर्ट भेजी जाएगी. ABVP प्रदेश सह मंत्री ने कहा कि ऐसा करके वे सरकार को लोगो की असल समस्या से रूबरू कराना चाहते हैं. इस रिपोर्ट से यह भी मालूम होगा कि कहाँ कितनी समस्याएं हैं. अनुभूति मुहीम के तहत प्रतापगढ़ RSS कार्यालय पर केटलोग का विमोचन भी किया और प्रेस कोंफ्रेस भी आयोजित की. इस दौरान प्रदेश सह मंत्री के साथ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृतिका सिसोदिया, जिला संयोजक शुभम शर्मा, नगर मंत्री शुभम कुमार और अन्य ABVP कार्यकर्त्ता भी मौजूद रहे.
ABVP इस कवायद के ज़रिये लोगो का दुःख-दर्द सरकार तक पहुँचाना चाहती है. इस मुहीम के तहत उन्होंने हज़ारों कार्यकर्ताओं की बड़ी टीम भी बना ली है. प्रवेश परदेशी, ज़ी मीडिया, प्रतापगढ़  

Tuesday, April 26, 2016

प्रतापगढ़ में 100 लोगो की बिन्दोली में घुसा ट्रक. मातम में बदली खुशियाँ. देखिए पूरी रिपोर्ट.




प्रतापगढ में आज फिर एक भीषण सड़क हादसे से माहौल सिहर उठा. अचानक खुशियाँ मातम में बदल गई. घटना जिले के देवगढ़ की है. जहाँ शादी से पहले बिन्दोली का जश्न मनाया जा रहा था. लेकिन इसी बीच एक ट्रक ने कई लोगो को चपेट में ले लिया.

प्रतापगढ़ के देवगढ़ ने वन नाके के सामने प्रतापगढ़ मार्ग पर धरियावद की ओर से आ रहा बेकाबू ट्रक करीब 100 लोगो की बिन्दोली में जा घुसा और कई को चपेट में ले लिया. रात्रि 11:30 बजे प्राथमिक सुचना के आधार पर इस घटना में करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. गम्भिर घायलों में 4 पुरुष, 9 महिलाऐं और 2 बच्चियां बताई जा रही हैं. इसके अलावा कई अन्य घायल भी हैं. घटना के बाद 108 एम्बुलेंस को कॉल किया भी पर एम्बुलेंस आई नहीं, तो घायलों को निजी वाहनों से ही जिला अस्पताल लाया गया. जहाँ उपचार शुरू हुआ. यहाँ एक लड़की और एक लड़के की हालत बेकाबू देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया. जिस लड़की को रेफर किया, उसका सर ही फट गया. जिस वक्त यह हादसा हुआ तब कम से कम 100 लोग बिन्दोली में शामिल थे. ये सभी नाच-गा रहे थे, जश्न मना रहे थे. सभी लोग प्रजापति समाज के हैं. घायलों का असली आंकड़ा फायनल रिपोर्ट के बाद मालूम होगा.

देवगढ़ थाना पुलिस ने इस दौरान ट्रक को जब्त कर लिया. घटना के बाद लोगो ने ट्रक चालक की जम कर धुनाई की, जिसे भी इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लाना पड़ा. देवगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. प्रतापगढ़ में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं. बेकाबू और नशेड़ी वाहन चालक लोगो के जीवन में कहर बरपा रहे हैं. ऐसे में ज़रूरत इस पर लगाम लगाने के साथ-साथ जागरूकता की भी है.

Monday, April 25, 2016

लेडी तस्करों समेत 4 गिरफ्तार. एमपी से गुजरात ले जा रहे थे डोडाचुरा. राजस्थान की प्रतापगढ़ पुलिस ने नाकाम की चाल! खास रिपोर्ट.



प्रतापगढ़ पुलिस ने तस्करी करते चार तस्करों गिरफ्तार किया है. ये सभी मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के हैं, जो कि डोडा चुरा गुजरात ले जा रहे थे. पर इन्हें कतई मालूम नहीं था, कि राजस्थान पुलिस इसकी चालक को नाकाम कर देगी.

प्रतापगढ़ के हथुनिया थानाधिकारी रतन सिंह को आज विश्वसनीय मुखबिर से सुचना मिली कि चित्तौड़गढ़ से नीमच-मन्दसौर-प्रतापगढ़ होकर अहमदाबाद जाने वाली रोडवेज बस में भारी मात्रा में डोडाचूरा तस्करी किया जा रहा है. इस पर पुलिस ने टीम गठित कर नाकाबंदी की. ऐसे में राजस्थान रोड़वेज बस नम्बर RJ09 PA 2927 को रुकवाया और तलाषी ली गई... तलाशी लेने पर बस में सवार यात्री बाबू बारिया, बदिया उसनिया और 2 महिलाओ के पास 1 क्विंटल 5 किलो डोडा चुरा बरामद हुआ. पुलिस ने सभी को गिरफ्तार किया. इन महिलाओं में एक बाबू की पत्नी और दूसरी बदिया की माँ ही हैं. चार व्यक्तियों के कब्जे से सीटों एवं पैरों के नीचे से अलग-अलग कुल 10 बैग और कट्टों में रखा कुल अवैध 1 क्विंटल 5 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ. अरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत थाना हथुनिया पर आपराधिक प्रकरण पंजिबद्ध किया गया है.
आरोपियों ने डोडाचूरा मध्यप्रदेष के नीमच, मन्दसौर के आस-पास गावों से एकत्रित कर गुजरात परिवहन कर ले जाना बताया है. आरोपियों ने डोडा चुरा का सौदा किससे और कितने में तय किया था, यह जाँच के बाद ही साफ़ हो पाएगा. कल ही पुलिस ने 4 क्विंटल डोडा चुरा पकड़ा है, और आज फिर एक बड़ी कार्रवाई ने तस्करों में हडकंप मचा दिया है. पुलिस द्वारा लगातार डोडा चुरा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है.

रामलाल मीणा ने किया महा-ग्रामीण रैली का आगाज़. 28 तारीख को होगी रैली. सचिवालय में होगा प्रदर्शन. बड़ी संख्या में पहुंचेंगे ग्रामवासी. क्या है मांग? देखिए-



प्रतापगढ़ में ग्रामीण नेता रामलाल मीणा ने आज मिनी सचिवालय पहुँच 28 तारीख को होने वाली महा-ग्रामीण रैली का आगाज़ किया... इस रैली में हजारों की संख्या में जिले भर से ग्रामीण लोग शामिल होने जा रहे हैं.

ग्रामीण नेता रामलाल मीणा आज ग्रामीणों की बड़ी संख्या के साथ मिनी सचिवालय पहुंचे और 11 सूत्रीय मांगो को लेकर उग्र आंदोलन का आगज़ किया. बताया कि 28 अप्रैल के दिन वे राज-राजेश्वरी मन्दिर में एक विशाल आम सभा का आयोजन करेंगे, फिर इसके बाद वहीँ से महा रैली शुरू होगी जो सचिवालय तक आएगी. यहाँ मंदसौर रोड, पेयजल, फसल मुआवजा समेत कई मुद्दे उठाए जाएंगे. रामलाल ने कहा कि वे हंगामा तब तक करते रहेंगे जब तक हर विभाग के अधिकारी आकर आश्वासन नहीं देते...

रामलाल मीणा प्रतापगढ़ जिले में ग्रामीणों की अगुवाई करने वाले प्रमुख नेता है. रामलाल मीणा राष्ट्रीय जनता पार्टी (राजपा) से वर्तमान बीजेपी नेता जनजाति विकास मंत्री के सामने विधानसभा चुनाव प्रतापगढ़ से लड़ चुके हैं. रामलाल मीणा को लगातार लोगो का समर्थन मिल रहा है.

एसपी ने बुलाई क्राइम मीटिंग. बुज़ुर्ग और महिलाओं की सुरक्षा पर दिया जोर. सभी थानाधिकारी रहे मौजूद.



प्रतापगढ़ के एसपी ऑफिस में क्राइम बैठक बुलाई गई. अपराध रोकथाम के अलावा एसपी ने सभी पुलिसअधिकारीयों को अकेले रहने वाले बुज़ुर्ग और महिलाओं का विशेष ख़याल रखने के निर्देश दिए.

प्रतापगढ़ के एसपी ऑफिस में एसपी कालूराम रावत और एडिशनल एसपी रतन सिंह ने क्राइम बैठक बुलाई. बैठक में एसपी ने सभी को निर्देश दिए कि पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मी महिलाओं और बुजुर्गों का सम्मान करें. किसी भी प्रकार से उन्हें ठेस ना पहुंचाए. एसपी ने निर्देश दिए कि जनसुनवाई को प्रभावी बनाए, अकेले रहने वाले निर्बलो की सहायता करें, शराबी वाहन चालको पर नकेल कसें, स्कूली छात्राओं का ख्याल रखें और चोरी, तस्करी पर लगाम लगाए. एसपी ने इस बात पर जोर दिया कि पुलिस को अकेले रहने वाले बुजुर्गो का ध्यान रखना चाहिए. क्योकि उन्हें परेशान किया जाता है और अपराध की सम्भावना भी बढ़ जाती है. इसके बाद एसपी ने लगातार हो रही डोडा चुरा की कार्रवाई पर सभी को बधाई दी और आगे भी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए. बैठक में जिले के आदतन अपराधियों और क्राइम से जुडी कई बातों पर चर्चा हुई. साथ ही माल्खाने के तुरंत निस्तारण के आदेश दिए. बैठक में सभी थानों के थानाधिकारी, सभी रेंज डी.एस.पी मौजूद रहे.